अमेरिका की एक यूनिवर्सिटी ने एक अध्ययन किया है जिसमें बताया गया है कि विटामिन डी का कोरोना वायरस से लड़ने के लिए अहम योगदान हो सकता है। अमेरिका की नॉथवेस्टर्न यूनिवर्सिटी ने 10 देशों के कोरोना मरीजों का डेटा एकत्र करके ये अध्ययन किया है।
इस अध्ययन से पता चला है कि जिन मरीजों में विटामिन डी की कमी होती है उनके इस बीमारी से मौत होने की
आशंका दो गुनी बढ़ जाती है। इन शोधकर्ताओं का मानना है कि इस बीमारी से लड़ने में उन देशों को मदद मिली है जहां के मरीजों में विटामिन डी की कमी नहीं थी। आमतौर पर इटली, स्पेन और यूके के मरीजों में विटामिन डी की कमी रहती है, इसी वजह से यहां मरीजों की मौत का आंकड़ा बहुत बढ़ गया। गौरतलब है कि इससे पहले भी दुनियाभर के कई विशेषज्ञों ने कोरोना और विटामिन के संबंध में कई अहम बाते बताई हैं।विटामिन डी का एक अच्छा स्रोत धूप है। इससे पहले भी कई रिसर्च में धूप को दूसरी बीमारियों के लिए बेहतर माना गया है। धूप से ब्लड प्रेशर कम करने में भी मदद मिलती है, साथ ही यह डायबिटीज के खतरे को भी कम करती है। इसलिए अगर हम विटामिन डी की कमी ना होने दें तो कोरोना से बचाव आसान हो सकता है ।